: नेताओं द्वारा पत्रकारों को दी सुविधा उनको गुलाम व पंगु बनाती है, जबकि संघर्ष करती पत्रकारिता निष्पक्ष बनाती है - डॉ. श्रीवास्तव, प्रेस क्लब नागदा ने किया सम्मान समारोह का आयोजन
Admin
Wed, Sep 6, 2023

पत्रकार समाज का आईना है, पत्रकार यदि अपने कर्तव्य से विमुख हुआ तो समाज प्रभावित होता है- दत्तीगांव

अनवर मंसुरी
नागदा (धार)। आंचलिक पत्रकारिता ने देश का सर्वश्रेष्ठ पत्रकार व संपादक दिया है। आंचलिक पत्रकारिता, राष्ट्रीय पत्रकारिता से कई गुना बेहतर है। डा. राजेंद्र माथुर से मिलने का समय देश के प्रधानमंत्री लेते थे, आज के पत्रकारों को विधायक, सांसद समय नहीं देते हैं। नेताओं द्वारा पत्रकारों को दी सुविधा उनको गुलाम, पंगु व दलाल बनाती है, जबकि संघर्ष करती पत्रकारिता निष्पक्ष बनाती है। आज की पत्रकारिता टीवी चैनलों पर हिंदू-मुस्लिम, सीमा हैदर एवं आतंकी अतीक के लघु शंका को दिखाकर भारतीय पत्रकारिता के स्तर को गिराकर शर्मसार किया है। राष्ट्रीय पत्रकारिता से तो बदनावर की पत्रकारिता अच्छी है जो समस्या व विकास की बात लिख रही है। महानगरों के पत्रकारों द्वारा सीएम, पीएम के विरुद्ध लिखना आसान है, लेकिन अंचल के पत्रकारों के लिए संबंध निभाने वाले विधायक, सांसद के विरुद्ध लिखना मुश्किल है। उक्त बातें प्रेस क्लब नागदा द्वारा लीलाश्री मैरिज गार्डन, फोरलेन, नागदा में आयोजित सेवानिवृत शिक्षक, सेवानिवृत्त चिकित्सक, मीडियाकर्मी, प्रतिभावान विद्यार्थी, पर्यावरण प्रेमी एवं कर्मवीर सम्मान समारोह में विशेष वक्ता डा. प्रतीक श्रीवास्तव प्रधान संपादक डिजीयाना न्यूज इंदौर ने कही।

सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री राजेश अग्रवाल, विशेष वक्ता डॉ. प्रतीक श्रीवास्तव, अध्यक्षता धार जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष पं. छोटू शास्त्री, विशेष अतिथि मालवा महासंघ राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष मेहता, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद नाहर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनिल साँखला, मण्डल अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़, तहसील किराना व्यापारी संघ अध्यक्ष राजेन्द्र बोकड़िया, तहसील पत्रकार संघ अध्यक्ष गोवर्धनसिंह डोडिया, सरपंच पन्नालाल कोली मंचासीन थे।
अतिथियों द्वारा सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र एवं दिवंगत पत्रकार स्वर्गीय राजेंद्र माथुर, रियाज मोहम्मद कुरैशी, मोहनगिरी गोस्वामी के चित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ से सत्कार एवं स्वागत भाषण प्रेस क्लब अध्यक्ष अनोखीलाल राठौड़ ने दिया।

मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना है, पत्रकार यदि अपने कर्तव्य से विमुख हुआ तो समाज प्रभावित होता है। व्यवस्था में इसीलिए आपको चौथे स्तंभ का दर्जा दिया गया है। देश के बड़े नेताओं के विरुद्ध लिखना आसान है लेकिन क्षेत्रीय प्रतिनिधि व प्रशासन के विरुद्ध लिखना बहुत बड़ी बात है। राजेन्द्र माथुर से देश के प्रधानमंत्री विदेश नीति में उनका मत लेते थे, यह बदनावर के लिए गौरव की बात है। उनकी देश में ख्याति है उनकी पत्रकारिता को सभी मीडियाकर्मी आत्मसात करें।
अध्यक्षता कर रहे धार जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष पं. छोटू शास्त्री ने कहा बदनावर की पत्रकारिता बड़ी तेवर वाली रही है। पत्रकारिता के स्तर को सुधारने की हमेशा कोशिश करते रहे। ग्रामीण पत्रकारिता आज भी उसूलों व सिद्धांतों पर चलती है।
कार्यक्रम को राज्य मंत्री राजेश अग्रवाल, मालवा महासंघ राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष मेहता, तहसील किराना व्यापारी संघ अध्यक्ष राजेंद्र बोकडिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद नाहर, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने भी संबोधित किया।
अतिथियों द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षक, सेवानिवृत्त चिकित्सक, मीडियाकर्मी, प्रतिभावान विद्यार्थी, पर्यावरण प्रेमी व कर्मवीर का सम्मान शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर किया। वहीं विशेष वक्ता डॉ. प्रतीक श्रीवास्तव को पत्रकारिता गौरव सम्मान से प्रेस क्लब द्वारा शाल, श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
अभिनंदन पत्र का वाचन सुनिल सचान धार ने किया। अतिथियों का स्वागत पं. शीतलप्रसाद पाण्डे, अशोक सोलंकी, नितिन साँखला, संतोष जायसवाल, अनवर मंसुरी, समंदरसिंह कछवाया, सोहनलाल राठौड़, जितेन्द्र भाटी, गणेश प्रजापत ने पुष्प माला, बेच एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।

प्रेस क्लब साथियों द्वारा नागदा में प्रेस क्लब भवन को लेकर मंत्री दत्तीगाँव को मांग-पत्र प्रदान किया। जिस पर मंत्री दत्तीगाँव द्वारा ग्राम पंचायत सरपंच पन्नालाल कोली व मण्डल अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ को जल्द ही भवन उपलब्ध करवाने को लेकर निर्देशित किया । सम्मान समारोह में जिले भर के सैकड़ो पत्रकार साथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन अनवर मंसुरी ने किया व आभार संतोष जायसवाल ने माना।
विज्ञापन
विज्ञापन