सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र में : जुआ, सट्टा, काला तेल, अवैध शराब एवं ड्रग्स जैसे गंभीर अवैध कारोबार को लेकर MLA ग्रेवाल ने CM को लिखा पत्र
Bakhtavar Express
Sat, Oct 31, 2026
सरदारपुर। विधायक प्रताप ग्रेवाल ने शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर सरदारपुर विधानसभा मे संचालित अवैध कारोबारो को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। विधायक द्वारा लिखे गए पत्र में बताया गया है कि धार जिले की सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर खुलेआम कई प्रकार के अवैध कारोबार संचालित हो रहे हैं। इनमें जुआ, सट्टा, काला तेल, अवैध शराब एवं ड्रग्स जैसे गंभीर अवैध कारोबार प्रमुख हैं। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि क्षेत्र के कई प्रमुख शहरों एवं गांवों के सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम सट्टे का कारोबार चल रहा है। वहीं इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर रात के अंधेरे में काले तेल का अवैध कारोबार मिलीभगत से संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके साथ ही सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अवैध शराब की बिक्री भी धड़ल्ले से जारी है।
विधायक ग्रेवाल ने विशेष चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशे और ड्रग्स का बढ़ता प्रचलन युवाओं एवं बच्चों के भविष्य को अंधकार की ओर धकेल रहा है। इन अवैध गतिविधियों के कारण क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा शासन-प्रशासन की छवि भी धूमिल हो रही है। विधायक प्रताप ग्रेवाल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र में संचालित जुआ, सट्टा, काला तेल, अवैध शराब एवं ड्रग्स के कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा इनके संचालन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यह जानकारी विधायक कार्यालय से विष्णु चौधरी द्वारा दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन