: प्राथमिक लघुवनोपज सहकारी समितियो की उपवनमण्डल स्तरीय तेन्दूपत्ता शाखकर्तन कार्यशाला का हुआ आयोजन
Admin
Wed, Mar 5, 2025
सरदारपुर। वनपरिक्षेत्र बाग मे प्राथमिक लघुवनोपज सहकारी समितियो की उपवनमण्डल स्तरीय तेन्दूपत्ता शाखकर्तन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला मे प्राथमिक लघुवनोपज सहकारी समिति मर्यादित सरदारपुर, मुलथान, केशवी, टाण्डा, जीराबाद, बाग, बिल्दा के नोडल अधिकारी, प्रबंधक एवं फड़ अभिरक्षक उपस्थित रहे।
कार्यशाला मे समितिवार तेन्दूपत्ता संग्रहण लक्ष्य से अवगत कराया गया। समितिवार अच्छी गुणवत्ता एवं मात्रा के लक्ष्य प्राप्ति हेतु सन्देश के साथ कार्यशाला को प्रारम्भ किया गया। अच्छी गुणवत्ता एवं ज्यादा मात्रा मे तेन्दूपत्ता प्राप्त करने हेतु तेन्दूपत्ता संग्रहण सीजन के 45 दिन पूर्व क्षेत्र मे तेन्दूपत्ता शाखकर्तन कार्य किया जाना आवश्यक होता है। धार जिले मे वर्ष 2025 हेतु कुल 4448 मानक बोरा लक्ष्य निर्धारित है। जिले मे तेन्दूपत्ता संग्रहण का कार्य माह मई के प्रथम सप्ताह मे प्रारम्भ किया जाता है। इसलिए 15 मार्च से 25 मार्च की अवधि मे तेन्दूपत्ता शाखकर्तन की तिथि निर्धारित की गई।
तेन्दूपत्ता शाखकर्तन हेतु वनमण्डल के वन एवं राजस्व क्षेत्र जहां तेन्दूपत्ता उत्पादन होता है, को तीन भागो मे विभाजित कर क्रमशः लाल, पीले एवं हरे रंग से नक्शे मे दर्शाने के निर्देश दिये। लाल रंग से रंगा क्षेत्र वह क्षेत्र होगा जिसमे गत वर्ष तेन्दूपत्ता शाखकर्तन का कार्य किया गया है। पीले रंग से रंगा क्षेत्र वह क्षेत्र होगा जिसमे गत वर्ष के पूर्व वर्ष मे तेन्दूपत्ता शाखकर्तन का कार्य किया हुआ था। हरेे रंग से रंगा क्षेत्र वह क्षेत्र होगा जिसमे इस वर्ष अर्थात् वर्ष 2025 मे तेन्दूपत्ता शाखकर्तन का कार्य कराया जाना है। हरे रंग वाले नक्शे पर अंकित क्षेत्र को मौके पर दर्शाने के लिये छोटे पत्थरो की ढेरी लगाकर चुने से पुताई करते हुऐ सीमांकित किया जाएगा।
तेन्दूपत्ता शाखकर्तन का कार्य नियत अवधि मे ग्राम वन/वन सुरक्षा समितियो द्वारा फड़मुंशी की सहायता से किया जाएगा। तेन्दूपत्ता शाखकर्तन से पूर्ण लाभ लेने के लिये यह आवश्यक है कि तेन्दू की झाड़ियो को अच्छे धार वाले हथियार से काटा जावे। तने की कटाई हेतु छोटी कुल्हाड़ी, दराती, वसुला तथा फावड़े का उपयोेग लाभप्रद होता है। तेन्दूपत्ता शाखकर्तन के कार्य को वनक्षेत्र मे भी कराया जाकर प्रदर्शन किया। इस वर्ष तेन्दूपत्ता शाखकर्तन के कार्य हेतु 65 रूपये प्रति मानक बोरा की दर निर्धारित की गई है।
समितियो की कार्यशाला को सर्वप्रथम अशोक कुमार सोलंकी वनमण्डल अधिकारी धार द्वारा संबोधित किया गया। वनमण्डलाधिकारी धार द्वारा कार्यशाला का उद्देश्य समितियो के दायित्व एवं तेन्दूपत्ता शाखकर्तन के लाभ का संदेश दिया। कार्यक्रम मे अग्नि सुरक्षा के महत्व को दर्शाते हुए पाम्पलेट वितरण किये। संतोष कुमार रनशोरे उपवनमण्डल अधिकारी सरदारपुर ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए तेन्दूपत्ता शाखकर्तन का स्थल चयन एवं योजना तैयार करने, शाखकर्तन की उपयुक्त अवधि एवं विधि, भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी दी। शैलेन्द्रसिंह सोलंकी वनपरिक्षेत्राधिकारी सरदारपुर, धर्मेन्द्र शर्मा वनपरिक्षेत्राधिकारी टाण्डा, वैभव उपाध्याय वनपरिक्षेत्राधिकारी बाग भी कार्यशाला में उपस्थित रहे। वनपरिक्षेत्र अधिकारी बाग वैभव उपाध्याय ने कार्यक्रम का आयोजन किया एवं उपस्थित सभी अतिथियो का आभार व्यक्त किया।विज्ञापन
विज्ञापन