शहीद टीआई दिलीप पुरी के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे पीसीसी चीफ : गुजरात में अवैध शराब पहुंचना बिना सरकार के संरक्षण के संभव नहीं - पटवारी
Bakhtavar Express
Thu, Nov 5, 2026

बरमंडल । शहीद टीआई दिलीप पुरी के घर शोक संवेदना व्यक्त करने मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। पटवारी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और अवैध शराब के कारोबार को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। जीतू पटवारी ने कहा कि गुजरात में अवैध शराब पहुंचना बिना सरकार के संरक्षण के संभव नहीं है। सरकार को अवैध शराब कारोबार को संरक्षण देना और शराब माफियाओं की रक्षा करना तत्काल बंद करना चाहिए। मध्यप्रदेश की जनता सब जानती है और यह भी समझती है कि सरकार के सहयोग के बिना इस तरह के अपराध संभव नहीं हैं। उन्होंने पुलिस विभाग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा पूरी तरह निशुल्क करने की मांग भी उठाई। पटवारी ने कहा कि यह शहीद दिलीप पुरी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे पुलिस कर्मचारियों के परिवारों की परेशानियां कम होंगी और व्यवस्था में भ्रष्टाचार तथा अपराध पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। मंत्री विश्वास सारंग के बयानों पर पलटवार करते हुए पटवारी ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से सरकार में मंत्री हैं। यदि व्यवस्था में गड़बड़ी है तो इतने वर्षों से वे क्या कर रहे थे? क्या वे झांझ-मजीरे बजा रहे थे या सरकार की जगह सर्कस चला रहे थे? यदि लगातार घटनाएं हो रही हैं तो अपराधी पकड़े क्यों नहीं गए और दोषियों को अब तक सजा क्यों नहीं मिली? पटवारी ने मंत्रियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि उनके पास कोई इनपुट या जानकारी है तो तत्काल कार्रवाई करें। उन्हें कार्रवाई करने से कोई नहीं रोक रहा है। सरकार को जनता को गुमराह करने के बजाय अपनी नाकामी स्वीकार कर ठोस कदम उठाने चाहिए। वहीं, आरोपी राहुल जायसवाल को लेकर पूछे गए सवाल पर पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने यूथ कांग्रेस के संबंधित सदस्यों को पद से हटा दिया है। उन्होंने इस मामले में पार्टी की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी।
शहीद दिलीप पूरी को श्रद्धांजलि के दौरान कुक्षी विधायक सुरेन्द्रसिंह बघेल , सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल , पूर्व विधायक पांचीलाल मेडा , जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी , युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष रोहित कामदार , ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतनलाल पड़ियार सहित कांग्रेस नेता मौजूद थें।
विज्ञापन
विज्ञापन