: तेजा दशमी का पर्व मनाया,दो दिवसीय नाटक का हुआ मंचन,विधायक ग्रेवाल ने भी मंदिर पहुॅचकर किये दर्शन
Admin
Fri, Sep 13, 2024

बरमंडल । तेजादशमी पर्व बरमंडल , बरखेड़ा , अकोलिया, खूंटपला, बरमखेड़ी सहित आसपास हर्षोल्लास से मनाया गया। ग्राम के तेजाजी महाराज मंदिर में तेजाजी महाराज के जीवन पर आधारित दो दिवसीय नाटक का मंचन गुरूवार से प्रारंभ हुआ। क्षेत्रीय विधायक प्रताप ग्रेवाल ने गुरूवार को रात्रि में तेजाजी मंदिर पहुंचकर दर्शन वंदन किया तत्पश्चात ग्राम के मारू समाज प्रमुख भेरूलाल चैधरी , पाटीदार समाज प्रमुख रतनलाल पटेल व तेजाजी महाराज मंदिर समिति द्वारा विधायक प्रताप ग्रेवाल का तिलक लगाकर , साफा बांधकर , शाल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।
विधायक प्रताप ग्रेवाल ने सत्यवादी वीर तेजाजी नाट्य मंडली को पांच हजार रूपए की पुरस्कार राशि भेंट की। वही शुक्रवार सुबह ढोल ढमाको से ग्राम के प्रमुख मार्गो से निशान यात्रा निकाली गई। निशान यात्रा में जगह जगह युवाओं द्वारा नृत्य कर यात्रा की अगवानी कर रहे थे। यात्रा के तेजाजी मंदिर प्रांगण में पहुंचने पर पूजन अर्चन कर निशान चढ़ाए गए तत्पश्चात जात्रा का आयोजन किया गया। जात्रा में सर्पदंश व अन्य जहरीले जानवरो से पीड़ितों की तांतियां खोली गई। इस दौरान बरमंडल सहित आसपास से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
मंदिर में तेजाजी महाराज का आकर्षक श्रृंगार किया गया। अलसूबह से दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा वही रात्रि में तेजाजी महाराज के जीवन पर आधारित नाट्य मंचन व राजस्थानी वेशभूषा में आकर्षक लोक नृत्य ने बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तेजादशमी के अवसर पर स्थानीय गोवर्धन गौशाला समिति द्वारा ग्राम से गौग्रास , हरा चारा एकत्रित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन