: तेज बारिश से नदी नाले उफान पर,कालीकराई बांध के सभी गेट और माही बांध के तीन गेट एक मीटर तक खोले,सिंचाई विभाग के 62 मे से 46 तालाब भराये
Admin
Tue, Sep 10, 2024
सरदारपुर। बीती रात्रि से क्षेत्र मे हो रही तेज बारिश से अंचलो मे नदी नाले उफान पर आ गये । कई स्थानो पर मार्ग जलमग्न होने से आवागमन भी कुछ देर के लिए अवरुद्ध रहा। माही परियोजना के दोनों बांधो मे जलस्तर बढ़ने पर एक बार फिर दोनों बांधो को गेटो को खोला गया। वही तेज बारिश से जल संसाधन विभाग सरदारपुर के सिंचाई तालाबो मे अच्छी जल वृद्धि दर्ज की गई सिंचाई विभाग अंतर्गत 62 मे से 46 तालाबो ने अपनी पुर्ण जलग्रहण क्षमता को धारण कर लिया बाकी बचे हुये तालाब भी 25 से लेकर 80 प्रतिशत तक भरा चुके है।
जानकारी के अनुसार बीती रात्रि मे हुई तेज बारिश के बाद माही परियोजना के दोनों बांधों मे पानी की अधिक आवक होने से जल लेवल मेंटन करने के लिये बांध के गेटो को खोला गया। जल संसाधन विभाग झाबुआ के कार्यपालन यंत्री विपिन पाटीदार ने बताया की बीती रात्रि मे तेज बारिश के बाद कालीकराई बांध के 4 गेट एक मीटर तक खोले गये है। वही माही मुख्य बांध के 3 गेटो को भी एक-एक मीटर तक खोला गया है। श्री पाटीदार ने बताया की बांध मे पानी की आवक पर विभाग के कर्मचारी निगाह रखे हुये है। जैसे ही आवक बढेगी वैसे ही गेट अधिक खोल दिये जायेगे। श्री पाटीदार ने बताया की बारिश के अलर्ट को देखते हुये दोनो बांधो पर 24 घंटे विभागीय कर्मचारी तैनात किये गये। कालकराई बांध पर पिछले 24 घंटे मे 16 मिमी और इस सत्र मे 704 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि माही मुख्य बांध स्थल पर 24 घंटे मे 15 मिमी और इस सत्र मे 534 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
वही जल संसाधन विभाग सरदारपुर के एसडीओे राहुल ठाकुर ने बताया की जल संसाधन विभाग सरदारपुर अंतर्गत 62 मे से 46 तालाबो ने पुर्ण जलग्रहण क्षमता को धारण कर लिया है। बाकी बचे हुये तालाबो मे से कुछ तालाब 25 प्रतिशत तक तो कुछ 70 से 80 प्रतिशत तक भरा चुके है।
श्री ठाकुर ने बताया की 62 तालाबो मे वर्तमान मे 70 प्रतिशत पानी संग्रहित हो चुका है। 62 तालाबो से 16 हजार हेक्टेयर भूभाग पर किसानो को रबी सीजन मे सिंचाई सुविधा मुहैया करवाई जाती है।
तेज बारिश के बाद क्षैत्र मे कई मार्ग जलमग्न होने से आवागमन अवरूद्ध रहा । लाबरिया दसाई मार्ग पर बरमंडल मे बड़े पुल पर करीब आधा फिट ऊपर तक पानी का बहाव हुआ वही चिराखान मे भी उण्डवा नदी के उफान पर होने से पुलिया जलमग्न रही। दसाई- सरदारपुर मार्ग पर भी पुलिया जलमग्न नजर आई। क्षेत्र मे इस सत्र मे पहली बार हुई तेज बारिश के बाद इस प्रकार नदी नाले उफान पर नजर आये।
-
विज्ञापन
विज्ञापन