: किसी भी कार्य में व्यक्ति की पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी व दायित्व के प्रति सच्ची लगन उसे सभी के बीच में सम्मान के पल प्रदान करती है- पीडियार,कुरैशी के सेवानिवृत्ति पर दुग्ध संघ ने सम्मान कर दी विदाई
Admin
Wed, May 21, 2025
नागदा (धार)। किसी भी कार्य में व्यक्ति की पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी व अपने कार्य के दायित्व के प्रति सच्ची लगन व कड़ी मेहनत ही उसे सभी के बीच में सम्मान के पल प्रदान करती है। दुग्ध संघ से जुड़कर जो मेहनत श्री कुरैशी ने की उसी का प्रतिफल है कि आज हम सब मिलकर उनकी सेवानिवृत्ति पर सम्मान कर रहे है। उक्त बातें दुग्ध समिति नागदा पर आयोजित इन्दौर दुग्ध संघ के प्रबंधक गुण नियंत्रक पद से सेवानिवृत्त हुए अब्दुल कादर कुरैशी नागदा के सेवा निवृत्ति पर आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार सुनील पीडियार ने कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनके पगारे ने की। विशेष अतिथि मोहन वास्केल प्रभारी प्रबंधक धार, वर्षा सिंघारे प्रबंधक क्षेत्रिय संचालक धार, पन्नालाल कोली सरपंच ग्रा.पं. नागदा, दरबारसिंह पटेल दुग्ध समिति अध्यक्ष व सेवा निवृत्त हुए अब्दुल कादर कुरैशी मंचासीन थे। अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। अतिथियों का स्वागत इन्दौर दुग्ध संघ संचालक राजेन्द्रसिंह पटेल, समिति सचिव धनसिंह राठौर, मनोहरसिंह राठौर, भंवरलाल चैधरी, बलराम जाखड़, जगदीश पाटीदार, हरिओम गिरी व समिति सदस्यों ने पुष्प माला पहनाकर किया। स्वागत उद्बोधन समिति अध्यक्ष दरबारसिंह पटेल ने दिया। मंचासीन अतिथियों द्वारा सेवानिवृत्त अब्दुल कादर कुरैशी का शाल, श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र भेट कर सम्मान किया। अभिनंदन पत्र का वाचन अनिल नाहर ने किया। वहीं श्री कुरैशी का पत्रकार अनोखीलाल राठौड़, अशोक सोलंकी ने भी शाल, श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर एनके पगारे ने कहा कि 42 वर्षाे में कई कठिन परिस्थितियों में जो कार्य श्री कुरैशी ने किये उसने दुग्ध संघ को मजबूती व प्रगति के पथ प्रदान किये। आपकी सहजता व सरलता से दुग्ध संघ से जुड़ा हर कर्मचारी कठिन कार्य को भी सुगम बना देता था। कार्यक्रम में श्री कुरैशी ने भी अपने कार्य क्षेत्र के दौरान की अनेक स्मृतियाँ अपने उद्बोधन के माध्यम से सभी के बीच साझा की व कहा कि परिवार व अच्छा मार्गदर्शन किसी भी कार्य को करने में बड़ी सहजता प्रदान करता है। समय-समय पर जीवन में सभी के साथ ने ये ऊँचाईयाँ प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन अनवर मंसुरी ने किया व आभार सचिव धनसिंह राठौर ने माना। इस अवसर पर अब्दुल खालिक कुरैशी, आजाद चैहान, अजीज मंसुरी, डाॅ. शम्मा कुरैशी, अब्दुल सत्तार कुरैशी, धारासिंह कामदार, नवाब खाँ पटेल, ठा. भुपेन्द्रसिंह, विक्रमसिंह राठौर सहित दुग्ध समिति सदस्य व नगर के गणमान्यजन व आसपास क्षेत्र की दुग्ध समिति के कर्मचारी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन