: सरकारी विभाग में नौकरी लगाने एवं कुंवारी लड़कियों शादी का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले जालसाज को पकड़ा पुलिस ने
Admin
Sat, May 6, 2023
आरोपी स्वयं को बताता था पूर्व विधायक का बेटा, इंजीनियरिंग की छात्राओं को बनाता था निशाना
धार। सरकारी विभाग में नौकरी लगाने एवं कुंवारी लड़कियों को शादी का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी करने वाले जालसाज को पकड़ा पुलिस ने। जानकारी के अनुसारआवेदक शिवनाथ पिता सदाशिव भैगडे निवासी तलेगांव दाभडे थाना मावल जिला पुणे(महाराष्ट्र) द्वारा थाना कोतवाली धार में आकर एक शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें आवेदक ने बताया कि उसकी लडकी ने पुणे के कालेज से सिविल ब्रांच में इंजीनियरिंग की है। 06 माह पूर्व शरद पिता हरिषंकर पाटीदार निवासी धार(म.प्र.) से पहचान हुई थी उसने स्वयं को पूर्व विधायक का लडका बताकर, बेटी को भोपाल, इन्दौर या पूणे में पी.डब्ल्यू.डी. विभाग में सरकारी नौकरी का बताकर आवेदक व उसकी लडकी से दिनांक 10.12.2022 से दिनांक 18.04.2023 की अवधि में कुल 5,75,000/- रू. की धोखाधडी की है। आवेदक शिवनाथ की आवेदन पत्र जांच सही पाये जाने पर से अनावदेक शरद पाटीदार के विरूद्ध दिनांक 04.05.2023 को थाना कोतवाली धार में अपराध क्रमांक 317/23 धारा 420 भादवि का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
थाना कोतवाली धार पर पंजीबद्ध उपरोक्त अपराध में अनावेदक शरद पाटीदार की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला धार मनोज कुमार सिंह(भा.पु.से.) ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार देवेन्द्र पाटीदार के निर्देशन व नगर पुलिस अधीक्षक धार देवेन्द्र सिंह धुर्वे के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली धार निरीक्षक दीपक चौहान के साथ-साथ सायबर क्राईम ब्रांच धार प्रभारी निरीक्षक दिनेश शर्मा को लगाया गया था।
सायबर क्राईम ब्रांच टीम एवं थाना कोतवाली धार पुलिस टीम द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते शरद पिता हरिशंकर पाटीदार उम्र 28 साल निवासी ग्राम सगवाल थाना अमझेरा को पूछताछ हेतु थाना कोतवाली लाया गया। जिसने प्रारंभिक पूछताछ में महाराष्ट्र में शिवनाथ भैगडे से किसी प्रकार का लेन-देन को अस्वीकार किया। पुलिस टीम द्वारा डिजीटल ट्रांजेक्शन प्रूफ के साथ पूछताछ की तो शरद पाटीदार अलग-अलग कहानियाँ बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिस करने लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया तथा फिर उसने बताया कि अपने महंगे मोबाइल, क्लब, होटलो का शौक पूरा करने के उद्देश्य से शिवराज भैगडे निवासी पूणे(महाराष्ट्र) से मुलाकात के दौरान स्वयं को पूर्व विधायक का लडका व पी.डब्ल्यू.डी. विभाग में नौकरी लगाने का झूठा वादा किया था तथा शिवराज भैगडे की लडकी की भोपाल, इन्दौर या पूणे(महाराष्ट्र) में पी.डब्ल्यू.डी. विभाग में नौकरी लगाने के एवज में कई बार हजारो में पैसा लेना कबूल किया।
जांच में पुलिस ने पाया कि आरोपी के पिता ग्राम सगवाल में कृषक है एवं आरोपी की शादी 08 वर्ष पूर्व होकर 02 बच्चे भी है। फिर भी आरोपी ने पिछले वर्ष 2021 में Shadi.com साईट पर आई.डी. बनाकर कई युवतियों को दोस्ती बनाई व शादी का झासा देकर यौन शोषण व पैसो की ठगी की वारदात की है। जिसमें एक युवती ने जिला भोपाल के थाना गोविन्दपुरा में आरोपी शरद पाटीदार के विरूद्ध अपराध क्रमांक 124/22 धारा 376, 506 भादवि की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। इसके अतिरिक्त थाना कोतवाली धार पुलिस द्वारा भी आरोपी को वर्ष 2020 में भी धोखाधडी के केस में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वर्तमान में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा अपराध सदर में आरोपी शरद की गिरफ्तारी ली जाकर न्यायालय पेश किया जा रहा है, न्यायालय से पी.आर. प्राप्त कर आरोपी से और पूछताछ की जाऐगी।
आरोपी शरद पाटीदार को गिरफ्तार करने में सायबर क्राईम ब्रांच धार प्रभारी निरीक्षक दिनेश शर्मा, सउनि भेरूसिंह देवड़ा, सउनि रामसिंह गौर, प्रआर. गुलसिंह, प्रआर. राजेश, आर. बलराम, आर. राहुल, आर. प्रशांत एवं थाना प्रभारी कोतवाली धार निरीक्षक दीपक चौहान, उनि सौरभ शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सायबर सेल टीम द्वारा आरोपी के पास मिले मोबाइल के फोन-पे व गुगल-पे अकाउंट में लेन-देन के ट्रांक्जेक्शन हिस्ट्री एवं अन्य टेक्निकल बिंदुओ पर लगातार जांच की जा रही है। जांच में और भी कई पीड़ितो के नाम मिलने की पूर्ण संभावना है।
¬
आरोपी शरद पाटीदार पर पूर्व में पंजीबद्ध 02 अपराधों का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है-
- दिनांक 05.11.2020 को फरियादी मुकेश पिता मोतीराम बिरला व उसके बेटे आकाश ने एक लेखीय शिकायती आवेदन पत्र थाना कोतवाली धार में प्रस्तुत किया, जिसमें फरियादी ने आरोपी शरद पाटीदार व उसके दोस्त विकास पिता अमृतलाल राठौर निवासी केशरपुरा थाना अमझेरा के विरूद्ध बेटे आकाष की पी.डब्ल्यू.डी में नौकरी लगाने के एवज में दिनांक 28.12.2019 से दिनांक 03.02.2020 की अवधि में कुल 1,73,179/-रू. की ठगी के आरोप लगाये थे। शिकायत जांच सही पाये जाने से आरोपी शरद पाटीदार व विकास राठौर के विरूद्ध थाना कोतवाली धार में अपराध क्रमांक 525/20 धारा 420 भादवि का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
- दिनांक 10.03.2022 को एक युवती ने जिला भोपाल शहरी के गोविन्दपुरा थाना में एक शिकायती आवेदन प्रस्तुत किया। जिसमें युवती ने बताया कि Shadi.com साईट पर उसकी दोस्ती दिनांक 26.11.2021 को आरोपी शरद पाटीदार से हुई थी, जिसमें शरद ने स्वयं को अविवाहित बताया था। फिर कुछ दिनो बाद युवती को बहला-फुसला कर शादी का झांसा देकर होटल में कई बार शारीरिक संबंध बनाए साथ ही स्वयं की कुछ समस्या बताकर 2,50,000/- रू. ऐठ लिए। बाद में शादी से इंकार कर दिया। फरियादिया की रिपोर्ट पर से गोविन्दपुरा थाना में आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 124/22 धारा 376, 506 भादवि का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया, जो न्यायालय भोपाल में विचाराधीन है।
विज्ञापन
विज्ञापन